छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने की तैयारी, 30 नवंबर से शुरू होगा ‘मिशन उल्लास 100’

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान शुरू करने जा रही है। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत संचालित होने वाले इस विशेष अभियान की शुरुआत 30 नवंबर 2026 से होगी। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में घर-घर सघन सर्वेक्षण कर शेष असाक्षर व्यक्तियों की पहचान की जाएगी।

राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने इस संबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टरों और जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान का लक्ष्य वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर राज्य बनाना है।

30 नवंबर से 15 दिसंबर तक घर-घर सर्वेक्षण

अभियान के पहले चरण में 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रत्येक ग्राम और वार्ड में सघन सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके माध्यम से 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के असाक्षर व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जाएगा।

सर्वेक्षण के लिए मतदाता सूची, राशन कार्ड, वीबी-जी राम जी मस्टर रोल और पिछली साक्षरता महापरीक्षा में अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण रहे शिक्षार्थियों की सूची का उपयोग किया जाएगा।

इस कार्य में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, पलायन करने वाले परिवारों, दूरस्थ पारा-टोलों, जेलों और नक्सली पुनर्वास केंद्रों में भी सर्वेक्षण किया जाएगा।

5 से 6 शिक्षार्थियों के समूह में लगेंगी कक्षाएं

सर्वेक्षण में चिन्हांकित असाक्षरों की जानकारी मोबाइल एप पर दर्ज की जाएगी। इनके लिए सुविधानुसार 5 से 6 शिक्षार्थियों के छोटे समूह बनाकर साक्षरता कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

अभियान में विद्यार्थियों के साथ एनसीसी, स्काउट-गाइड, जनप्रतिनिधियों और पूर्व महापरीक्षा में उत्तीर्ण नवसाक्षरों का सहयोग लिया जाएगा। नवसाक्षर अपने आसपास के असाक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे।

उल्लास केंद्रों में 200 घंटे का निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा।

हर शनिवार स्कूलों में होंगे उल्लास कार्यक्रम

साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांवों और मोहल्लों में उल्लास से जुड़े नारों का दीवार लेखन कराया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इनमें नाटक, सांस्कृतिक गतिविधियां और प्रभात फेरियां शामिल होंगी। इसका उद्देश्य लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अभियान में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

मिशन उल्लास 100 के लिए निर्धारित समय-सारणी

अभियान को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया गया है।

  • 30 नवंबर से 15 दिसंबर 2026: घर-घर सर्वेक्षण और असाक्षरों का चिन्हांकन।
  • 15 से 25 दिसंबर 2026: छूटे हुए परिवारों का सत्यापन, ग्रामसभा में सूची का सार्वजनिक वाचन और घोषणा पत्र तैयार करना।
  • 25 से 31 दिसंबर 2026: प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड के 5 से 10 प्रतिशत घरों का रैंडम भौतिक सत्यापन।
  • 31 दिसंबर 2026 से महापरीक्षा तक: उल्लास केंद्रों में नियमित साक्षरता कक्षाओं का संचालन और महापरीक्षा की तैयारी।

कलेक्टर करेंगे अभियान की नियमित समीक्षा

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए कलेक्टरों को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठकों में सर्वेक्षण, साक्षरता कक्षाओं और महापरीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर सर्वेक्षण से संबंधित प्रमाण पत्र भी निर्धारित प्रारूप में तैयार किए जाएंगे।

राज्य सरकार का उद्देश्य शिक्षा से वंचित रह गए लोगों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ना और जनभागीदारी के माध्यम से ‘पूर्ण साक्षर छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करना है।