धान खरीदी पर ICC कमांड की तीसरी आंख का पहरा, छत्तीसगढ़ में 40,453 क्विंटल धान जब्त

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए राज्य सरकार ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। धान खरीदी केंद्रों से लेकर अवैध परिवहन और भंडारण तक की गतिविधियों पर अब ICC कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के जरिए नजर रखी जा रही है। तकनीक आधारित इस निगरानी व्यवस्था के तहत प्रदेश में अब तक 40,453 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है।

23 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, ICC कमांड के माध्यम से प्रदेशभर में कुल 1,362 अलर्ट जारी किए गए हैं, जिनमें से 122 अलर्ट का निराकरण किया जा चुका है। इसके अलावा 8 राइस मिलों का भौतिक सत्यापन भी किया गया है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से धान खपाने, अनधिकृत भंडारण और बिचौलियों के जरिए धान खरीदी व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों पर कार्रवाई करना है।

जशपुर में सबसे ज्यादा धान जब्ती, दुर्ग तीसरे स्थान पर

जिला स्तर पर हुई कार्रवाई में जशपुर सबसे आगे है। यहां 12,103 क्विंटल धान जब्त किया गया है। वहीं महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान की जब्ती हुई है।

अन्य जिलों में बलरामपुर से 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव से 2,798 क्विंटल, रायगढ़ से 2,528 क्विंटल और कांकेर से 1,676 क्विंटल धान जब्त किया गया है।

कांकेर में सबसे ज्यादा अलर्ट, रायपुर में 2 का निराकरण

ICC कमांड की रिपोर्ट के अनुसार, कांकेर जिले में सर्वाधिक 186 अलर्ट दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट जारी किए गए।

अलर्ट के निराकरण के मामले में बालोद में 89 में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 और रायपुर में 6 में से 2 अलर्ट का निराकरण किया गया है। वहीं कोरिया जिले में दर्ज तीनों अलर्ट का निराकरण हो चुका है।

वास्तविक किसानों तक पहुंचे समर्थन मूल्य का लाभ

सरकार की इस तकनीक आधारित व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ केवल वास्तविक पंजीकृत किसानों को मिले। दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर बेचने, अनधिकृत भंडारण करने और बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

9वें दिन तक 4.43 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी

26 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, धान खरीदी के नौवें दिन तक प्रदेश के 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91,746 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। इस दौरान कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है।

राज्य शासन का मानना है कि ICC कमांड के माध्यम से तकनीक और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत कर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकती है। इससे वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के साथ-साथ अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई भी तेज होगी।