नई दिल्ली, 20 सितंबर 2026। घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से नया नियम लागू होने जा रहा है। सरकार के अनुसार, सब्सिडी के साथ निर्धारित खुदरा मूल्य (RSP) पर LPG रिफिल बुक कराने के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) पूरा करना जरूरी होगा।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता, यानी कुल उपभोक्ताओं के करीब 89.9 प्रतिशत, अपना बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके हैं। जिन उपभोक्ताओं का सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी।
जिनका सत्यापन बाकी, उनके लिए क्या होगा?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, उन्हें सब्सिडी वाले मूल्य पर रिफिल बुक कराने से पहले प्रमाणीकरण पूरा करना होगा। हालांकि, मंत्रालय के अनुसार इसका उद्देश्य किसी वास्तविक पात्र परिवार को LPG से वंचित करना नहीं है।
बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के लिए उपभोक्ताओं को LPG डिलीवरी के दौरान, अपने LPG वितरक के शोरूम पर या संबंधित तेल विपणन कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराई गई है। Indane के लिए IndianOil ONE, Bharatgas के लिए HelloBPCL और HP Gas के लिए HP PAY ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सब्सिडी नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए विकल्प
मंत्रालय के मुताबिक, जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराना चाहते या किसी कारण से नहीं करा पाते, वे LPG प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन उन्हें लागू बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी सिलेंडर लेना होगा। इसके लिए OMC के डिजिटल माध्यमों से अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।
