छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस कल: 14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन, पांच साहित्यकार होंगे सम्मानित

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की पहचान छत्तीसगढ़ी भाषा के सम्मान में 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में यह आयोजन किया जा रहा है।

समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन

राजभाषा दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ी साहित्य को समृद्ध बनाने वाले साहित्यकारों की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ और रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ प्रमुख हैं।

इसके अलावा अमोल दास टंडन, बलराम मिर्झा, प्रिया देवांगन, सुधा वर्मा, डोरे लाल कैवर्त, बंशीधर लाल और डूमन लाल ध्रुव की साहित्यिक कृतियों का भी विमोचन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकार सम्मानित होंगे

समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित होने वालों में गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं।

इस अवसर पर अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट की जाएगी।

‘पुरखा के सुरता’ में याद किए जाएंगे साहित्यकार

समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक साहित्यिक परिचर्चा आयोजित होगी। ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर आधारित यह परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी।

इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी। परिचर्चा के माध्यम से छत्तीसगढ़ी साहित्य की विरासत और पूर्ववर्ती साहित्यकारों के योगदान को याद किया जाएगा।

कवि सम्मेलन में गूंजेंगे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर

कार्यक्रम के तीसरे सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के कवि और साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत करेंगे।

कई जनप्रतिनिधि और मंत्री होंगे शामिल

समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। वहीं विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और अनुज शर्मा सहित संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

राजभाषा दिवस का यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और प्रदेश की भाषायी एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।