रायपुर। देशभर में 26 नवंबर को मनाए जा रहे संविधान दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के मूल आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में राज्यपाल की उप सचिव सुश्री निधि साहू सहित लोकभवन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ संविधान की उद्देशिका का पाठ किया।
26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ था भारतीय संविधान
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
संविधान की प्रस्तावना में निहित हैं लोकतंत्र के मूल आदर्श
भारतीय संविधान की प्रस्तावना देश के मूल सिद्धांतों, शासन की प्रकृति और संवैधानिक उद्देश्यों को स्पष्ट करती है। इसकी शुरुआत ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से होती है, जो यह दर्शाते हैं कि संविधान की शक्ति का मूल स्रोत देश की जनता है।
प्रस्तावना में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के साथ सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता तथा व्यक्ति की गरिमा सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया गया है।
लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता के महत्व को याद किया गया।
