छत्तीसगढ़ में निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार, टेंडर मंजूर होने के 15 दिनों के भीतर जारी होगा वर्क ऑर्डर

PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने ली विभागीय समीक्षा बैठक, मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड निरीक्षण के निर्देश

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूरा करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। अब निविदा स्वीकृत होने के बाद चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर कार्यादेश जारी करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करनी होगी।

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश के पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंता शामिल हुए।

टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों और नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया गया। सचिव ने कहा कि जिन कार्यों की निविदा स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्यादेश 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग किया जा सके।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

घटिया निर्माण पर होगी कार्रवाई, दोबारा बनाने होंगे खराब हिस्से

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए।

इसके तहत मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों तथा कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को हर सप्ताह दो दिन करना होगा फील्ड निरीक्षण

निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।

इसके अलावा ठेकेदारों के कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने और उन्हें नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जनशिकायतों और लंबित प्रकरणों की भी हुई समीक्षा

बैठक में निर्माण कार्यों के साथ-साथ जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की गई।

सचिव ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) में प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति का भी जायजा लिया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।

विभाग का जोर अब निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता, समयसीमा और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर है।