रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के युवा भुवनेश्वर कश्यप ने अपनी साहसिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवक भुवनेश्वर ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में भुवनेश्वर ने लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी की। इस दौरान उन्होंने दुर्गम पहाड़ी रास्तों, चुनौतीपूर्ण चढ़ाई और कठिन प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच अपने साहस, आत्मविश्वास और संकल्प का परिचय दिया।
चांशल की पहाड़ियों में प्रदर्शित किया NSS का बैनर
इस साहसिक अभियान के दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का बैनर प्रदर्शित किया। उनकी इस उपलब्धि से उनके महाविद्यालय के साथ-साथ बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
साहसिक गतिविधियों से निखर रही युवाओं की नेतृत्व क्षमता
राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस एवं सूझबूझ के साथ निर्णय लेने के लिए तैयार करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य और NSS अधिकारी का मिला मार्गदर्शन
भुवनेश्वर कश्यप की इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा।
भुवनेश्वर की यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा, साहस और संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रेरणादायक सफलता है।
