रायपुर। छत्तीसगढ़ में रबी फसलों के उत्पादन और किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR)-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (NIBSM), रायपुर में सरसों की वैज्ञानिक खेती को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘खेत बचाओ अभियान-रबी 2026’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और सरसों की उन्नत खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
फसल अवशेष जलाने के बजाय मिट्टी में मिलाने की सलाह
संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों को धान की कटाई के बाद खेतों में बचे फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पराली जलाने के बजाय मल्चर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों से फसल अवशेषों को छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाना चाहिए। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है और मृदा संरचना के साथ भूमि की उर्वरता में सुधार होता है।
उन्होंने किसानों को धान की समय पर कटाई कर उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करने और रबी सीजन में दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सरसों की खेती से 10-12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन
डॉ. शर्मा ने सरसों की खेती की संभावनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह कम बीज दर और सीमित सिंचाई में भी अच्छी उपज देने वाली महत्वपूर्ण तिलहनी फसल है।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सरसों की उन्नत किस्म 150-35 के बारे में बताया गया। इसमें बुवाई का उचित समय, बीज दर, कतारों के बीच दूरी, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई और अन्य जरूरी कृषि क्रियाओं की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सरसों की बुवाई दिसंबर के पहले सप्ताह से पूर्व करने और वैज्ञानिक तरीके से फसल प्रबंधन अपनाने पर लगभग 10 से 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। यह फसल लगभग 95 से 110 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इससे किसान कम समय में अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकते हैं।
खेत में ले जाकर दिया गया प्रायोगिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए किसानों को संस्थान के कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। यहां सरसों की किस्म 150-35 के प्रदर्शन प्लॉट का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया।
डॉ. शर्मा ने खेत में खड़ी फसल की स्थिति समझाते हुए बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी कृषि क्रियाओं और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन की जानकारी दी।
35 किसानों को मिला प्रशिक्षण, 50 एकड़ के लिए बांटे गए बीज
इस कार्यक्रम में ग्राम पचेरी, बिठिया और बेलटुकरी से आए कुल 35 किसान एवं कृषक महिलाओं ने हिस्सा लिया। ग्राम पंचायत बेलटुकरी के सरपंच श्री संतोष कुर्रे भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
किसानों को लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में सरसों की खेती को बढ़ावा देने के लिए उन्नत किस्म 150-35 के बीज वितरित किए गए। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. के.सी. शर्मा ने किया।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और रबी सीजन में तिलहनी फसलों की खेती के प्रति जागरूक करना है।
