मुख्यमंत्री बोले- मैं स्वयं किसान का बेटा हूं, खेती की कठिनाइयों को समझता हूं; किसानों की सुविधा और आर्थिक समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। इस वर्ष सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की कठिनाइयों तथा अन्नदाताओं की जरूरतों को भलीभांति समझते हैं। सरकार का प्रयास है कि कम उत्पादन के कारण कोई भी किसान आर्थिक लाभ से वंचित न रहे।
21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक मिलेगा अंतर की राशि का लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। अलग-अलग क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
छत्तीसगढ़ के किसानों को मिल रहा देश में सर्वाधिक लाभ: CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस प्रकार आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ किसी अन्य राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा है। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए लगातार फैसले ले रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले और खेती लाभकारी बने, इसी उद्देश्य से नीतिगत निर्णय लिए जा रहे हैं।
धान खरीदी की सुविधाओं का लगातार हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें अधिकतम सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। अन्नदाताओं की आर्थिक समृद्धि ही मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है।
