बिलासपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बवाल, पथराव के बाद धारा 144 लागू

सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद, देर रात बिगड़े हालात

बिलासपुर। शहर के खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार देर रात गंभीर रूप ले गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद पुलिस पर भी पथराव हुआ। घटना में दो दर्जन से अधिक लोगों और कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनीश सिंह मौके पर पहुंचे तथा अधिकारियों ने स्थिति संभाली।

प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। धारा 144 लागू किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में शांति बनाए रखना और विवाद के पीछे जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना है। लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील की गई है