जशपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 520 किलो गांजा जब्त; चार गिरफ्तार

तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में पकड़ी गई बड़ी खेप

जशपुर। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 520 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तीन अलग-अलग स्थानों पर की। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।

मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस एक अन्य संदिग्ध की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे और जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।

प्रारंभिक जांच में खेप के ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ से जोड़कर बताया है। अब जांच का फोकस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।