भिलाई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक लंगर में शामिल होकर प्रसाद भी ग्रहण किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे। उन्होंने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
सिख समाज को दी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती का पावन अवसर सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व हमें गुरु नानक देव जी के विचारों और उनके बताए मार्ग को याद करने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, पदाधिकारियों, माताओं-बहनों और युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सिख समाज के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
लंगर में शामिल होकर ग्रहण किया प्रसाद
प्रकाश पर्व समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ लंगर में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग, संतजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
भिलाई में आयोजित इस समारोह में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ प्रकाश पर्व मनाया।
