नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर मुलाकात के अनुरोध पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। दोनों नेताओं ने निर्वाचन आयोग, छात्रों की गिरफ्तारी, मेट्रो स्टेशन बंद होने और ट्रेनों को रद्द किए जाने जैसे मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था।
CJI ने पत्र में कहा कि इनमें से कई मामले पहले से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। ऐसे मामलों पर बैठक करना शक्तियों के पृथक्करण के सिद्धांत और न्यायिक मर्यादा के अनुरूप नहीं होगा।
उन्होंने दोनों नेताओं को प्रशासनिक स्तर पर ज्ञापन सौंपने के बजाय उचित न्यायिक प्रक्रिया के तहत याचिका दाखिल करने की सलाह दी। पत्र में यह भी कहा गया कि कानून के अनुसार दाखिल याचिका पर जल्द सुनवाई का अवसर दिया जाएगा।
