भिलाई। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सेक्टर-6 में दुर्ग रेंज के नवनिर्मित साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण 33.24 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रूआबांधा में नवीन पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर में विकसित एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।
दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के साइबर मामलों की होगी जांच
नए साइबर थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा तक रहेगा। यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े अन्य अपराधों की जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के शुरू होने से साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना के लिए पुलिस को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे साइबर अपराधियों की पहचान करने और पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
25 लाख रुपये से तैयार हुईं प्रशिक्षण और काउंसलिंग सुविधाएं
पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में 15 लाख रुपये की लागत से एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का उन्नयन किया गया है। वहीं, जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 10 लाख रुपये की लागत से परिवार परामर्श केंद्र के लिए काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष तैयार किए गए हैं।
इन सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ पारिवारिक विवादों के समाधान में भी सहायता मिलेगी। किलकारी कक्ष के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
रूआबांधा में नई पुलिस चौकी शुरू
मुख्यमंत्री ने रूआबांधा में नवीन पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नशामुक्त समाज के लिए शुरू हुआ संकल्प अभियान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पोस्टर का विमोचन कर ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के जरिए नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नई पुलिस सुविधाओं और नशामुक्ति अभियान की शुरुआत को दुर्ग संभाग में बेहतर पुलिसिंग, जनसुरक्षा और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
