रायपुर। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उच्च शिक्षा विभाग और Google for Education के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया है। इसके तहत प्रदेश के महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य शिक्षण, अनुसंधान और कॉलेजों के प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
500 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
23 नवंबर को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में AI प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। प्रारंभिक कार्यशाला में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके अलावा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इस प्रशिक्षण से जोड़ा गया है।
पढ़ाई और शोध में होगा AI का इस्तेमाल
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि AI शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने वाला माध्यम है।
इस तकनीक की सहायता से शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, पाठ योजनाएं बनाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में मदद ले सकेंगे।
10 अतिरिक्त प्रशिक्षण सत्र भी होंगे आयोजित
प्रारंभिक कार्यशाला के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा में तकनीक का जिम्मेदार उपयोग बढ़ाना और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से जोड़ना है।
