पेंड्रा बायपास निर्माण के लिए 108.86 करोड़ रुपये की मंजूरी, जल्द शुरू होगा काम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पेंड्रा बायपास निर्माण परियोजना के लिए राज्य शासन ने 108 करोड़ 86 लाख 59 हजार रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है।

शहर को मिलेगी भारी वाहनों के दबाव से राहत

पेंड्रा बायपास का निर्माण पूरा होने के बाद शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा मिल सकती है।

निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूरी परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस परियोजना को क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।