SASCI 2026-27 के तहत सुधार कार्यों की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर, 24 जुलाई 2026। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित बैठक में राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.

बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने विभागवार मासिक कार्ययोजना तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि योजना के सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके.

समीक्षा के दौरान SASCI 2026-27 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभागवार सुधार कार्यों, अब तक की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई. साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य-पूर्ति और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए.

बैठक में वित्त, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन, पर्यटन, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.