छत्तीसगढ़ में 1.07 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में 19 नवंबर को एक बड़ी पहल सामने आई। नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में 24 उद्योग समूहों ने प्रदेश में 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इन प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश में लगभग 20 हजार युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न निवेशक समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उद्योगों की स्थापना से लेकर परियोजनाओं को जमीन पर उतारने तक राज्य सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।

बस्तर में भी औद्योगिक विकास की तैयारी

कार्यक्रम में बस्तर क्षेत्र की औद्योगिक और पर्यटन संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। चित्रकोट जलप्रपात को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की जानकारी दी गई।

सरकार का उद्देश्य निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलकर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है।