कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी और उनके कथित मध्यस्थ इमरान मेमन को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी कारोबारी शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि ई-वे बिल से जुड़े मामले में जब्त वाहन को छुड़ाने और प्रकरण में राहत देने के बदले उनसे डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी।
ACB की टीम ने बिछाया जाल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की जगदलपुर इकाई ने कार्रवाई की योजना बनाई। आरोप है कि अधिकारी की ओर से कथित मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से रिश्वत की रकम ली जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान ACB की टीम को देखकर अंचला गिरी ने कथित तौर पर रिश्वत के डेढ़ लाख रुपये घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, टीम ने रकम बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आय से अधिक संपत्ति की भी जांच
ACB ने अधिकारी के आवास पर तलाशी लेकर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच शुरू की। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। विभागीय स्तर पर भी अधिकारी को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
