चक्रवात अकवान से धान की फसल को नुकसान, किसानों के खेतों में पहुंची प्रशासनिक टीमें

बेमेतरा। चक्रवात अकवान के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने बेमेतरा जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई क्षेत्रों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई है। वहीं बारिश के कारण कुछ स्थानों पर खेतों में पानी भरने से फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों की परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने फसल नुकसान का सर्वे शुरू करा दिया है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।

मजगांव, ठेलका और बनोरा में किया निरीक्षण

शनिवार को सर्वे टीम ने तहसील दाढ़ी के मजगांव तथा थानखमरिया क्षेत्र के ठेलका और बनोरा गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर गिरी हुई धान की फसल, जलभराव और प्रभावित कृषि रकबे का निरीक्षण किया।

इस दौरान किसानों से सीधे बातचीत कर नुकसान की जानकारी भी जुटाई गई।

सर्वे के आधार पर मिलेगी राहत

प्रशासन के अनुसार, सर्वे में प्रभावित रकबे और फसल को हुए नुकसान का प्रतिशत दर्ज किया जा रहा है। इसके लिए खेतों की तस्वीरें और वीडियो भी तैयार किए जा रहे हैं।

सर्वे पूरा होने के बाद पात्र किसानों को शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार राहत और मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।