अवैध धान के भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 1,156 कट्टा से अधिक धान जब्त

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही अवैध धान के भंडारण और खरीदी-बिक्री पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में प्रशासन की संयुक्त टीमों ने दो दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 1,156 कट्टा से अधिक धान जब्त किया है। कार्रवाई 23 और 24 नवंबर को जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में की गई।

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खरीदी-बिक्री पर लगातार नजर रख रही हैं। जांच के दौरान कई दुकानों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में धान का भंडारण पाया गया।

पिथौरा में 600 कट्टा धान जब्त

23 नवंबर को तहसील बसना के ग्राम घुमाभाठा में हंसलाल के पास से 45 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम लम्बर में दिनेश कोसरिया की दुकान से लगभग 62 पैकेट खुला धान मिला।

इसी दिन तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी में विकास अग्रवाल के पास से 600 कट्टा धान बरामद किया गया। संबंधित धान को मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए मंडी विभाग को सौंपा गया।

24 नवंबर को इन स्थानों पर हुई कार्रवाई

प्रशासन की टीम ने 24 नवंबर को भी कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया।

इस दौरान:

  • शंकर ट्रेडर्स, जंघोरा से 116 कट्टा धान जब्त किया गया।
  • किशनपुर स्थित रुखमणी ट्रेडर्स से लगभग 200 कट्टा धान मिला।
  • ग्राम खैरखुटा में जितेश बरिहा के पास से 33 कट्टा धान जब्त किया गया।
  • तहसील कोमाखान के ग्राम धौराभाटा में सलीम रिजवी की दुकान से 40 कट्टा धान मिला।
  • ग्राम भालूकोना में नरेश के घर से 60 कट्टा धान बरामद किया गया।

इन सभी मामलों में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की।

राइस मिल का भी किया गया निरीक्षण

धान के अवैध भंडारण पर कार्रवाई के साथ प्रशासनिक टीम ने महासमुंद स्थित शांति विजय एग्रोटेक राइस मिल का भी निरीक्षण किया। तहसीलदार संतोष धुर्वे के नेतृत्व में खाद्य और मंडी विभाग के अधिकारियों ने मिल के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड संतोषजनक पाए गए। वहीं मिलर ने कोंडागांव जिले में जमा किए जाने वाले चावल के तीन लॉट आगामी चार दिनों के भीतर जमा करने का आश्वासन दिया।

अवैध धान के कारोबार पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम सहित अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकना और वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ सुनिश्चित करना है।