रायपुर, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने कलाकारों और साहित्यकारों के सम्मान एवं कल्याण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘कलाकार कल्याण कोष योजना’ और ‘अभावग्रस्त होनहार युवा कलाकार छात्रवृत्ति योजना’ के तहत आर्थिक सहायता और छात्रवृत्ति राशि का वितरण किया. मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत कलाकारों के परिजनों और युवा प्रतिभाओं को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए.
कार्यक्रम में पद्मविभूषण स्व. डॉ. तीजन बाई के परिजनों सहित आठ दिवंगत कलाकारों एवं साहित्यकारों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर होनहार युवा कलाकारों और विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया.
संस्कृति विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि कलाकारों और साहित्यकारों का सम्मान तथा युवा प्रतिभाओं का प्रोत्साहन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है. संस्कृति विभाग के संचालक संजय कन्नौजे ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य कलाकारों को आर्थिक सहयोग देने के साथ उनकी सृजनशीलता और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है.
कार्यक्रम में फिल्म विकास निगम की अध्यक्षा मोना सेन, सिंधी अकादमी की अध्यक्षा सुषमा जैदानी, राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार सहित बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार, छात्र-छात्राएं और दिवंगत कलाकारों के परिजन उपस्थित रहे.
