रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने दुर्ग जिले में विभिन्न सिंचाई योजनाओं के जीर्णोद्धार, नहरों की लाइनिंग और अन्य विकास कार्यों के लिए 40 करोड़ 85 लाख 2 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद जिले के कई क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
स्वीकृत कार्यों में सुरपा व्यपवर्तन योजना के जीर्णोद्धार तथा नहर प्रणाली के रीमॉडलिंग एवं लाइनिंग के लिए 2 करोड़ 23 लाख 56 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे 121 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसी तरह मोहंदी जलाशय के जीर्णोद्धार और नहरों की लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 96 लाख 55 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 100 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। तिरगा जलाशय के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 71 लाख 26 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिससे 107 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
गनियारी जलाशय के जीर्णोद्धार और नहर लाइनिंग के लिए भी 4 करोड़ 71 लाख 26 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने पर 254 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं रिसाली-उमरपोटी जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 97 लाख 94 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 162 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
इसके अलावा दुर्ग निगम क्षेत्र के तालाबों में निस्तारी जल भरने के लिए चैनल निर्माण पर 4 करोड़ 93 लाख 56 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। शिवनाथ मंडल कार्यालय, दुर्ग के जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण के लिए 4 करोड़ 96 लाख 24 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं कपसदा जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 57 लाख 8 हजार रुपये और नंदौरी जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 77 लाख 57 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कपसदा योजना से 90 हेक्टेयर, जबकि नंदौरी योजना से 49 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
सरकार के अनुसार इन कार्यों के पूरा होने से दुर्ग जिले में सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ कृषि क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
