चंपारण्य में ₹73.42 करोड़ के श्री महाप्रभु वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स को केंद्र की मंजूरी

रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले स्थित चंपारण्य को राष्ट्रीय स्तर के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (CSMC) ने करीब ₹73.42 करोड़ की लागत वाली श्री महाप्रभु वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स परियोजना को मंजूरी दी है।

परियोजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा किया जाएगा और इसके लिए 18 माह की प्रस्तावित समयसीमा तय की गई है। करीब 15 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस कॉम्प्लेक्स का उद्देश्य चंपारण्य को केवल तीर्थ स्थल तक सीमित न रखते हुए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, विरासत, शैक्षणिक और वेलनेस पर्यटन के समग्र केंद्र के रूप में विकसित करना है।

ये सुविधाएं होंगी विकसित

परियोजना के तहत म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर, कथा ग्राउंड, ओपन एयर थिएटर, वेलनेस एवं मेडिटेशन सेंटर, श्रद्धालुओं के लिए आवास और डॉरमेटरी, मल्टीपर्पज हॉल, रेस्टोरेंट और वेंडर शॉप्स विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा यज्ञ कुंड एवं जल कुंड का उन्नयन, तालाब विकास, दिव्य पाथवे और कवर्ड पाथवे, पार्किंग, साइनेज तथा लैंडस्केपिंग जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।

परियोजना का उद्देश्य पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ उनके ठहराव की अवधि बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

चंपारण्य को महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य की जन्मस्थली के रूप में वैष्णव श्रद्धालुओं के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल के तौर पर जाना जाता है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक, विरासत, शिक्षा और वेलनेस पर्यटन को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।