छत्तीसगढ़ में 21 सिंचाई योजनाओं के लिए 76.93 करोड़ रुपये मंजूर, कई जिलों में बढ़ेगी सिंचाई सुविधा

रायपुर, 2 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 विभिन्न योजनाओं के लिए 76 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन कार्यों में जलाशयों का जीर्णोद्धार, नहरों की सीसी लाइनिंग, एनीकट निर्माण एवं मरम्मत, तट संरक्षण और बाढ़ नियंत्रण जैसे काम शामिल हैं।

कांकेर में इन कार्यों को मिली मंजूरी

कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक में लघु जलाशय पी.व्ही. 114 के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग के लिए 2.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 28.4 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं पी.व्ही. 36 जलाशय के लिए 4.96 करोड़ रुपये से 400.2 हेक्टेयर और पानीडोबरी एनीकट-कम-काजवे के लिए 3.41 करोड़ रुपये से 60 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।

चारामा के गोलकुम्हड़ा जलाशय के लिए 4.50 करोड़ रुपये और कांकेर ब्लॉक के मरकाटोला व्यपवर्तन की कन्हारपुरी शाखा नहर की लाइनिंग के लिए 4.99 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

कोंडागांव में जलाशयों और एनीकट पर जोर

कोंडागांव जिले में फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर जलाशय के लिए 3.35 करोड़ रुपये तथा लंजोड़ा उद्वहन योजना के लिए 3.88 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इनसे क्रमशः 50 और 295 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलने की योजना है।

माकड़ी ब्लॉक के श्यामपुर व्यपवर्तन के लिए 3.45 करोड़, घोड़ागांव एनीकट की मरम्मत एवं गेट निर्माण के लिए 4.28 करोड़ और कोंडागांव ब्लॉक के सोनाबाल जलाशय के लिए 1.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बस्तर में सिंचाई के साथ बाढ़ नियंत्रण कार्य

बस्तर जिले में बस्तर ब्लॉक के मुंजला तालाब के लिए 2.47 करोड़ रुपये और बकावंड के ग्राम संतोषा में मारकंडी नदी पर स्टॉपडेम के निर्माण के लिए 3.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर तट संरक्षण एवं बाढ़ प्रबंधन के लिए 4.04 करोड़ रुपये तथा अन्य बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 4.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा चित्रकोट जलप्रपात में कैन्टीलीवर ग्लासडेक ब्रिज निर्माण के लिए भी 4.90 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर को भी राशि

दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक में बारसूर जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 4.99 करोड़ रुपये, कुम्हाररास जलाशय के लिए 4.98 करोड़ और बालूद एनीकट के लिए 2.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमशः 217, 320 और 70 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सुकमा जिले के कोण्टा स्थित बण्डा जलाशय के उन्नयन के लिए 1.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 115 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

वहीं बीजापुर में निरीक्षण गृह निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपये तथा नारायणपुर में शासकीय एवं जल संसाधन कार्यालय भवनों के जीर्णोद्धार और पाइपलाइन सुधार के लिए 4.07 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

सरकार का कहना है कि इन कार्यों से संबंधित जिलों में सिंचाई क्षमता मजबूत होने के साथ कृषि भूमि को पानी की उपलब्धता बढ़ाने और बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।