प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित चार परिवारों को 16 लाख रुपये की राहत, प्रत्येक को मिलेगी 4 लाख की सहायता

रायपुर, 27 जुलाई 2026। जशपुर जिले में प्राकृतिक आपदाओं से हुई जनहानि के चार मामलों में जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है. शासन के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक पात्र परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाएगी.

अपर कलेक्टर प्रदीप साहू के अनुसार, कुनकुरी तहसील के ग्राम तुरी बस्ती निवासी संदीप राम की डेम में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में उनकी पुत्री स्नेहा को 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है.

इसी तरह पत्थलगांव तहसील के ग्राम कुनकुरी निवासी शिवचंद यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मौत होने पर उनकी पत्नी लालमुनी यादव को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी. वहीं, ग्राम बालाझर निवासी बिमला बाई की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पति बिहारी लाल को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है.

इसके अलावा फरसाबहार तहसील के ग्राम कोरंगामाल निवासी कपिल डनसेना की सर्पदंश से मृत्यु के मामले में उनकी माता कौशल्या को भी 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाएगी.

जिला प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं, ताकि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक संबल मिल सके.