दिव्यांगजन सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार, 31 जुलाई तक आवेदन

रायपुर, 24 जुलाई 2026। दिव्यांगजन सशक्तिकरण, अधिकारों और समावेशी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए राष्ट्रीय सम्मान पाने का अवसर है. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा विश्व दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर 2026) के अवसर पर दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.

समाज कल्याण विभाग ने पात्र व्यक्तियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, नियोक्ताओं और दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़े संगठनों से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन करने की अपील की है. आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं.

इन पुरस्कारों के तहत दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुनर्वास सेवाएं, कौशल विकास, रोजगार सृजन, सुगम्यता (Accessibility), अनुसंधान एवं नवाचार, खेल, कला, साहित्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा.

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देना, दिव्यांगजन अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समावेशी समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है. विभाग ने अधिक से अधिक पात्र आवेदकों से समयसीमा के भीतर आवेदन कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने की अपील की है.