कॉमनवेल्थ गेम्स में ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी बधाई

रायपुर, 28 जुलाई 2026। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है. इस उपलब्धि पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.

ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में स्नैच में 88 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम तथा कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया. मंत्री ने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है.

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है. सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई यह सफलता साबित करती है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं.

राजेश अग्रवाल ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ के लिए नई उपलब्धियां हासिल करेंगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की लगातार मिल रही सफलताएं युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत कर रही हैं.