रायपुर, 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ अपनी पहली राजकीय तितली चुनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है. वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने इसके लिए प्रदेशवासियों से ऑनलाइन मतदान के माध्यम से सुझाव आमंत्रित किए हैं. नागरिक 31 अगस्त 2026 तक गूगल फॉर्म के जरिए अपनी पसंद की तितली के पक्ष में मतदान कर सकते हैं.
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के साथ तितलियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है. उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जैव विविधता और वन्यजीवों का संरक्षण केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है.
तीन तितली प्रजातियां अंतिम दौड़ में
राजकीय तितली के चयन के लिए गठित विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन तितली प्रजातियों का चयन किया है. इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक (Common Banded Peacock), ऑरेंज ओकलीफ (Orange Oakleaf) और स्पॉट स्वोर्डटेल (Spot Swordtail) शामिल हैं.
इन प्रजातियों का चयन राज्य में उनकी उपलब्धता, पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशिष्टता, पहचान में सरलता और आमजन के आकर्षण जैसे विभिन्न मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है.
जनमत और विशेषज्ञों की राय से होगा अंतिम चयन
वन विभाग के अनुसार, ऑनलाइन मतदान में प्राप्त जनमत और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर राजकीय तितली के चयन का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों से की गई अपील
वन विभाग ने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठनों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता के साथ छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली का चयन करना है, ताकि जैव विविधता संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा मिल सके.
