रायपुर, 27 जुलाई 2026। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र लमनी और खुड़िया में 20-20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्रतीक्षालय शेड बनाए गए हैं. उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर पंचायत विभाग ने इन सुविधाओं का निर्माण कराया है.
इन प्रतीक्षालयों में रात्रि विश्राम, भोजन बनाने की व्यवस्था, पेयजल और सोलर ऊर्जा आधारित प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इससे अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर पदयात्रा करने वाले हजारों कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक पड़ाव मिलेगा.
लमनी, जो कांवड़ यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव माना जाता है, वहां पहले श्रद्धालुओं को खुले स्थानों पर रुकना पड़ता था. अब सोलर लाइट से रोशन आधुनिक प्रतीक्षालय यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएगा. इसी तरह खुड़िया में भी 20 लाख रुपये की लागत से तैयार प्रतीक्षालय श्रद्धालुओं के लिए राहत केंद्र बनेगा.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और संस्कृति का महापर्व है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर, सड़क मरम्मत और पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है.
कांवड़ यात्रियों ने नई सुविधाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अब वनांचल क्षेत्रों में रात्रि विश्राम, भोजन और प्रकाश जैसी सुविधाएं मिलने से यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगी.
