बलरामपुर में अवैध डीएपी खाद परिवहन पर कार्रवाई, 3 मीट्रिक टन उर्वरक और पिकअप वाहन जब्त

रायपुर, 27 जुलाई 2026। किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में बलरामपुर जिले में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 3 मीट्रिक टन (60 बोरी) डीएपी खाद तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है.

यह कार्रवाई कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम रघुनाथनगर में की गई. जांच के दौरान यूपी 64 टी 3538 नंबर की पिकअप में डीएपी खाद का परिवहन किया जा रहा था.

वाहन चालक अशोक कुमार परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. दस्तावेजों के अभाव में उर्वरक के अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर कृषि विभाग और पुलिस ने खाद सहित वाहन को जब्त कर लिया.

कार्रवाई में थाना प्रभारी धीरेन्द्र तिवारी, उर्वरक निरीक्षक भूपेश गुप्ता, वरिष्ठ विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) सहित कृषि विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे.