रायपुर, 19 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए किए गए सुधारों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखने लगा है. क्रिसिल-नीति आयोग इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स (IFI) 2026 में छत्तीसगढ़ ने नियमों में आसानी (Regulatory Ease) और संस्थागत माहौल (Institutional Environment) के मानकों पर देश के 17 बड़े राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं पर्यावरणीय लचीलापन में राज्य दूसरे स्थान पर रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ को कुल 47.5 अंक मिले हैं. समग्र रैंकिंग में राज्य नौवें स्थान पर है, लेकिन निवेशकों के भरोसे से जुड़े प्रमुख मानकों में उसका प्रदर्शन देश में सर्वश्रेष्ठ रहा है. पिछले ढाई वर्षों में राज्य को करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर, एआई, डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं.
रेग्युलेटरी ईज में राज्य को 12 में से 8.4 अंक मिले हैं, जबकि संस्थागत माहौल में 6 में से 4.5 अंक प्राप्त हुए हैं. पर्यावरणीय लचीलेपन में भी छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा. संसाधनों की उपलब्धता, मजबूत वित्तीय प्रबंधन और उद्योगों को भरोसेमंद बिजली आपूर्ति ने भी राज्य की रैंकिंग को मजबूती दी है.
राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30, जन विश्वास अधिनियम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम-2026 जैसे सुधार लागू किए हैं. वहीं नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क भी विकसित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की पारदर्शी, निवेशक-अनुकूल नीतियों और सुशासन का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य निवेश के साथ रोजगार, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति देना है.
