रायपुर, 23 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने आकाशीय बिजली से मृत व्यक्ति के परिजनों को त्वरित राहत दिलाते हुए 4 लाख रुपये की मुआवजा सहायता राशि स्वीकृत कर आवेदिका के बैंक खाते में अंतरित कराई. मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की इस पहल से लंबे समय से लंबित प्रकरण का शीघ्र निराकरण हो सका.
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के तपकरा तहसील अंतर्गत ग्राम झरन (मसरिघाट) निवासी श्रीमती मुनिका बाई विश्वकर्मा के पति की आकाशीय बिजली गिरने से असामयिक मृत्यु हो गई थी. घटना के बाद लंबे समय तक मुआवजा राशि नहीं मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया में आवेदन प्रस्तुत कर सहायता की मांग की थी.
आवेदन प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रशासन ने प्रकरण का परीक्षण कर सभी औपचारिकताएं पूरी कीं और 4 लाख रुपये की मुआवजा सहायता राशि सीधे आवेदिका के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी.
लंबे इंतजार के बाद मिली राहत
आर्थिक सहायता मिलने पर श्रीमती मुनिका बाई विश्वकर्मा एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान होने से संकट की घड़ी में परिवार को बड़ा आर्थिक संबल मिला है.
