प्रभावित वन क्षेत्र की पारिस्थितिक पुनर्बहाली में सहयोग करेगा एनएमडीसी; आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद से जारी है वैज्ञानिक आकलन
26 नवंबर/दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के बैलाडीला क्षेत्र स्थित एनएमडीसी की डिपॉजिट-14 लौह अयस्क खदान में पुराने वेस्ट डंप के आंशिक रूप से ढहने के पीछे प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल को प्रमुख कारण माना जा रहा है। एनएमडीसी के अनुसार, इस भूगर्भीय हलचल का उद्गम कंपनी की खनन पट्टा सीमा से बाहर, लगभग दो किलोमीटर पश्चिम में स्थित निकटवर्ती वन क्षेत्र में हुआ था।
18 नवंबर को बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में हुई इस भूगर्भीय हलचल से शुरुआत में दूरस्थ लोहागांव गांव की ओर जाने वाली निर्माणाधीन ग्रामीण सड़क और आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ। इसके क्रमिक प्रभाव से एनएमडीसी के खनन पट्टा क्षेत्र में स्थित पुराने वेस्ट डंप का एक हिस्सा आंशिक रूप से ढह गया। डंप का केवल एक सीमित हिस्सा ही प्रभावित हुआ है।
एनएमडीसी ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल का उद्गम कंपनी की खनन पट्टा सीमा से बाहर ऐसे क्षेत्र में हुआ, जो कंपनी के परिचालन अधिकार क्षेत्र अथवा नियमित निगरानी के अंतर्गत नहीं आता है। कंपनी के अनुसार, उसके वेस्ट डंप पर पड़ा प्रभाव निकटवर्ती वन क्षेत्र में शुरू हुई भूगर्भीय हलचल का द्वितीयक परिणाम था।
दो दशकों से स्थिर था पुराना वेस्ट डंप
कंपनी के अनुसार, पुराना वेस्ट डंप लगभग दो दशकों से स्थिर था और इसे वैज्ञानिक एवं इंजीनियरिंग उपायों के माध्यम से सुरक्षित एवं स्थिर बनाए रखा गया था। इन उपायों में ढलान की स्थिरता के लिए सीढ़ीनुमा संरचनाएं, वर्षा जल की निकासी के लिए गारलैंड ड्रेन, आधार को मजबूती देने के लिए टो बट्रेस वॉल तथा स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण शामिल था।
एनएमडीसी, वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किए गए प्रारंभिक संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि एनएमडीसी के वेस्ट डंप से प्रभावित सामग्री ढलान के निचले हिस्से (टो) से लगभग 200-250 मीटर से अधिक दूरी तक नहीं पहुंची थी।
हालांकि, वेस्ट सामग्री के अतिरिक्त प्रभावित भूभाग की मिट्टी और बजरी लगभग 2-3 किलोमीटर तक बहकर पहुंची पाई गई। यह प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल के व्यापक प्रभाव को दर्शाता है। प्रारंभिक आकलन में यह संभावना भी जताई गई है कि भूमिगत जलधारा की मौजूदगी के कारण मिट्टी और बजरी का बहाव हुआ हो सकता है।
वैज्ञानिक अध्ययन में डंप को सुरक्षित बताया गया था
एनएमडीसी किरंदुल क्षेत्र के सभी वेस्ट डंप की ढलान स्थिरता का नियमित अध्ययन करता है, जिसमें भू-तकनीकी पहलुओं का भी आकलन किया जाता है। सीआईएमएफआर, धनबाद ने डिपॉजिट-14 के वेस्ट डंप का वैज्ञानिक अध्ययन पूरा कर जनवरी 2026 में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट में स्थिरता के दृष्टिकोण से डंप को सुरक्षित बताया गया था।
इसके अतिरिक्त, डंप के मासिक ढलान निगरानी सर्वेक्षणों में इसकी सतह पर कोई उल्लेखनीय हलचल दर्ज नहीं की गई थी। ये निष्कर्ष वर्तमान घटना में बाहरी भूगर्भीय कारकों की संभावित भूमिका की ओर संकेत करते हैं।
खनन पट्टे से बाहर भी पारिस्थितिक पुनर्बहाली में सहयोग करेगा एनएमडीसी
तत्काल राहत एवं प्रतिक्रिया से आगे बढ़कर एनएमडीसी ने प्रभावित वन क्षेत्र में व्यापक पारिस्थितिक पुनर्बहाली के प्रयासों में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके लिए कंपनी वन विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय करेगी।
कंपनी प्रभावित वन क्षेत्र में पुनर्बहाली के उपायों के लिए आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने को तैयार है। इसमें कंपनी के परिचालन अधिकार क्षेत्र और खनन पट्टा सीमा से बाहर के क्षेत्र भी शामिल होंगे। यह सहयोग संबंधित सरकारी एजेंसियों के समन्वय तथा जारी वैज्ञानिक आकलन की सिफारिशों के आधार पर दिया जाएगा।
आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद से हो रहा वैज्ञानिक आकलन
प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत ड्रोन सर्वेक्षण किया जा रहा है। नुकसान की सीमा और प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल के प्रभाव का आकलन करने के लिए ऑर्थोमोजेक इमेज तैयार की जा रही हैं।
इसके अलावा, चट्टानों की आधारभूत संरचना का मानचित्रण करने, लिक्विफैक्शन (मिट्टी के द्रवीकरण) की संभावना का आकलन करने तथा जमीन की कठोरता का पता लगाने के लिए मल्टीचैनल एनालिसिस ऑफ सरफेस वेव्स (MASW) परीक्षण भी किया जाएगा।
एनएमडीसी आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों के सहयोग से वैज्ञानिक आकलन कर रही है। प्रारंभिक सिफारिशों के आधार पर एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। साथ ही, जमीन में होने वाली हलचल की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है।
ग्रामीणों की सुरक्षा और राहत के लिए भी किए गए इंतजाम
एनएमडीसी ने जिला प्रशासन के समन्वय से ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
एनएमडीसी और जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निकटवर्ती गांव का दौरा कर स्थिति का आकलन किया और ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
कंपनी के अनुसार, वैज्ञानिक अध्ययन की अंतिम सिफारिशों के आधार पर अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक शमन तथा पारिस्थितिक पुनर्बहाली के उपाय किए जाएंगे। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
एनएमडीसी ने जन सुरक्षा, सामुदायिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार खनन कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्राकृतिक भूगर्भीय घटना के प्रभावों से निपटने और प्रभावित क्षेत्रों की पुनर्बहाली के लिए कंपनी स्थानीय प्रशासन, वन विभाग तथा अन्य सरकारी एजेंसियों को आवश्यक सहयोग देना जारी रखेगी।
