चिल्फी बॉर्डर पर 301 क्विंटल धान से भरा ट्रक जब्त, बिहार से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था धान

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था के बीच दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कबीरधाम जिले के चिल्फी अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर जांच के दौरान बिहार से आ रहा 301 क्विंटल धान से भरा ट्रक पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक में धान की 750 बोरियां लोड थीं। संयुक्त जांच टीम ने वाहन को रोककर दस्तावेजों और धान की जांच की। इस दौरान मंडी अधिनियम के उल्लंघन का मामला सामने आने पर ट्रक को जब्त कर लिया गया।

पांच विभागों की संयुक्त टीम कर रही जांच

कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य, मंडी, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन को आशंका है कि दूसरे राज्यों से धान लाकर प्रदेश की समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिश की जा सकती है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अंतरराज्यीय मार्गों पर जांच जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।