छत्तीसगढ़ में फिर तेज होगी बारिश, कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट

रायपुर। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार 29 अगस्त से छत्तीसगढ़ में बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य और उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश पहले से जारी है। आने वाले दिनों में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर बना रह सकता है। इससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।