सुपोषण और हरियाली को बढ़ावा देने मुनगा पौधरोपण अभियान शुरू

महिला एवं बाल विकास विभाग ने कोण्डागांव जिले में कुपोषण उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सुपोषण की ओर एक कदम : मुनगा पौधरोपण जन आंदोलन’ की शुरुआत की है। अभियान के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में मुनगा (सहजन) और विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर सुपोषण वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।

अभियान का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं को स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सुपोषण का संकल्प लिया। विभाग ने लोगों से ‘एक आंगनबाड़ी-एक सुपोषण वृक्ष, एक परिवार-एक फलदार पौधा’ अभियान से जुड़ने और पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।