सूरजपुर में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, चार वाहन जब्त

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है।

रामानुजनगर विकासखंड के राजापुर स्थित चट्टान घाट में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और जिला स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान चार वाहनों में करीब 20 घन मीटर रेत के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा।

मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए टीम ने चारों वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना जयनगर के सुपुर्द कर दिया।

खनिज विभाग के अनुसार जिले में रेत के साथ-साथ पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी और ईंट सहित विभिन्न खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की लगातार जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मशीनरी और वाहनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज करने के साथ अर्थदंड की कार्रवाई की जाती है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलग्न वाहनों एवं मशीनरी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।