रायपुर, 24 जुलाई 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव, दूध डेयरी एवं एफसीआई ऑक्सीजोन, चांदमारी, मोदीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और लोहरसिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई परियोजनाओं का जायजा लिया. अधिकारियों से तकनीकी प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए उन्होंने तय समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि कोतरारोड थाना चौक से ढिमरापुर, सीएमएचओ कार्यालय तिराहा और सर्किट हाउस मार्ग तक बन रही फोर-लेन सड़क से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी. वहीं गोवर्धनपुर पुल के निर्माण से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा और वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या दूर होगी.
ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार दशकों से लंबित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है. उनका लक्ष्य रायगढ़ को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाना है. निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
