रायपुर, 03 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को निःशुल्क आधुनिक एम्बुलेंस की सौगात दी। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और चालक को चाबी सौंपी। इस दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से 19.65 लाख रुपये की लागत से यह आधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से 24 घंटे इसका संचालन किया जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले से अधिक तेज और प्रभावी ढंग से मिल सकेंगी।
