रायपुर, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 18 से 20 सितंबर तक रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे औद्योगिक मेले प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल माहौल तैयार करने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय औद्योगिक समागम का आयोजन छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा. इससे स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और प्रदेश में निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों का सबसे बड़ा संगठन है, जो उद्योगों के बीच व्यापारिक सहयोग (B2B) को बढ़ावा देने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करता है. रायपुर में आयोजित होने वाला यह औद्योगिक मेला देशभर के उद्योगपतियों, निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और औद्योगिक संस्थानों को एक मंच पर लाएगा.
मेले के दौरान आधुनिक तकनीक, मशीनरी, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और नए कारोबारी अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा. आयोजकों का मानना है कि इससे छत्तीसगढ़ के MSME सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा.
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा.
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी.पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
