30 लाख रुपये की उधारी और ब्याज को लेकर विवाद सामने आया; VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट बनी अहम सुराग
रायपुर/आरंग, 19 सितंबर 2026। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर (46) की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों के बीच करीब 30 लाख रुपये की उधारी और तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने को लेकर विवाद चल रहा था।
बनचरौदा के पास मिला था शव
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। इसके बाद फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड और साइबर टीम की मदद से जांच शुरू की गई।
साथी शिक्षक पर ऐसे गहराया शक
जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपी दोनों कुम्हारी के एक स्कूल में शिक्षक थे। पुलिस ने स्कूल के CCTV फुटेज और VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को आरोपी स्कूल पहुंचा, फिर निजी काम का हवाला देकर बाहर गया और बाद में स्कूल लौट आया। जांच में मोबाइल लोकेशन और उपस्थिति दर्ज करने से जुड़े रिकॉर्ड भी अहम सुराग बने।
30 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में निवेश/लेन-देन करते थे। पुलिस के अनुसार करीब 30 लाख रुपये की उधारी और उस पर ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पिछले करीब तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस ने कई सामान किए जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े कई सामान जब्त किए हैं। इनमें स्कूटी, मृतक के तीन ब्लैंक चेक, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री शामिल होने की जानकारी पुलिस से सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
