छत्तीसगढ़ में 19 लाख छूटे मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे, आज से एक महीने का विशेष अभियान

BLO घर-घर पहुंचकर करेंगे पहचान, नए और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को भी अभियान में किया गया शामिल

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने करीब 19 लाख छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रदेश में करीब 25 लाख नाम अलग-अलग कारणों से मतदाता सूची से हटे थे। इनमें लगभग 6 लाख नाम मृत्यु के कारण हटाए गए, जबकि करीब 19 लाख नाम अन्य कारणों से सूची में शामिल नहीं हो सके। अब निर्वाचन विभाग इन 19 लाख पात्र नागरिकों तक दोबारा पहुंचने की कोशिश करेगा।

घर-घर पहुंचेंगे BLO

अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर ऐसे नागरिकों की पहचान करेंगे, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। BLO संबंधित परिवारों से जरूरी जानकारी और दस्तावेज लेकर नाम जोड़ने की प्रक्रिया में मदद करेंगे।

फॉर्म-6 से जुड़ सकेगा नाम

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभाग के मुताबिक इस अभियान में उन लोगों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो पहले प्रक्रिया के दौरान अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए थे।

पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर भी फोकस

अभियान सिर्फ पुराने छूटे मतदाताओं तक सीमित नहीं रहेगा। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची तैयार होने से पहले हर पात्र नागरिक को सूची में शामिल करने का अवसर देना है।

पात्र नागरिकों से नाम जांचने की अपील

निर्वाचन विभाग की इस पहल के जरिए ऐसे नागरिकों को दोबारा मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिनका नाम SIR की प्रक्रिया के दौरान छूट गया था। विभाग का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक केवल प्रक्रिया के दौरान नाम छूट जाने की वजह से मतदाता सूची से बाहर न रहे।