जगदलपुर। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में बस्तर ओलंपिक 2026 (बस्तर ओलंपिक 3.0) का जिला स्तरीय आयोजन बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भव्य रूप से शुरू हुआ। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय आयोजन में जिले के सात विकासखंडों से चयनित 2 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
11 खेल विधाओं में होंगे मुकाबले
25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाले इस जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और कराटे सहित 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन जूनियर वर्ग (10 से 17 वर्ष) के मुकाबले हुए, जबकि गुरुवार को सीनियर वर्ग के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।
2026 में एक लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
बस्तर ओलंपिक की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। आंकड़ों के मुताबिक, बस्तर जिले में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या वर्ष 2024 में 37,650 थी, जो 2025 में बढ़कर 95,587 और 2026 में 1,04,841 तक पहुंच गई है। यह आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार और ट्रॉफी
प्रतियोगिता में दलीय खेलों के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 4,000 रुपये, द्वितीय 3,000 रुपये और तृतीय 2,000 रुपये दिया जाएगा। वहीं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम स्थान पर 2,000 रुपये, द्वितीय पर 1,500 रुपये और तृतीय पर 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सर्वाधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
26 नवंबर को होगा समापन
आयोजन का समापन गुरुवार 26 नवंबर को शाम 4 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में होगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और दल आगे संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
