जशपुर को 16 करोड़ की सौगात, पीएम जनमन योजना से बनेंगे 5 बड़े पुल; ग्रामीणों को मिलेगी राहत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दूरस्थ और आदिवासी बहुल इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जिले के बगीचा विकासखंड में पांच बड़े पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों के लिए शासन ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

बगीचा विकासखंड में बनेंगे 5 पुल

स्वीकृत परियोजनाओं के तहत कुल 290 मीटर लंबाई के पांच पुल बनाए जाएंगे। इनमें प्रमुख निर्माण कार्य शामिल हैं:

  • डंगरी-दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर पुल – 3.56 करोड़ रुपये।
  • जबला-नवापारा मार्ग पर 30 मीटर पुल – 1.83 करोड़ रुपये।
  • कमरीमा मंझाटोली-खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर पुल – 4.04 करोड़ रुपये।
  • बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर पुल – 3.52 करोड़ रुपये।
  • कुहापानी-बांसधार मार्ग पर 60 मीटर पुल – 3.07 करोड़ रुपये।

बारिश में भी नहीं टूटेगा गांवों का संपर्क

इन पुलों के बनने से बारिश के मौसम में नालों के कारण बाधित होने वाला आवागमन आसान होगा। ग्रामीणों को अस्पताल, स्कूल और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। किसानों को भी अपनी उपज बाजार तक ले जाने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में 167 पुलों को मिली मंजूरी

पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के पहले बैच में केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ये पांच पुल शामिल हैं।

निर्माण कार्य तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार शुरू किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से दूरस्थ जनजातीय गांवों की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होने और स्थानीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।