भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
3 हजार निवेशकों को लौटाई गई चिटफंड की राशि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के लगभग 3 हजार निवेशकों को राहत देते हुए 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत और अन्य सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
रिटेंशन आवास के किराए में भी मिली राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवास के किराए में प्रस्तावित 24 गुना वृद्धि को कम कर 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
