धमतरी में दंतैल हाथी की दस्तक, कई गांव हाई अलर्ट पर

वन विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

धमतरी, 19 सितंबर 2026। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में एक दंतैल हाथी के विचरण की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने कई गांवों को हाई अलर्ट पर रखा है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग के अनुसार हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। उसके जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में सतर्कता बरती जा रही है।

वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों तक सूचना पहुंचाने के लिए मुनादी भी कराई जा रही है। विभाग ने लोगों से हाथी के करीब नहीं जाने और उसे परेशान नहीं करने की अपील की है।

बताया गया है कि हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है।