नई दिल्ली, 24 सितंबर 2026: चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर चल रहे विवाद के बीच कॉकroach जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और कहा कि 48 घंटे के भीतर इस्तीफा नहीं दिया गया तो देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
CJP का यह ऐलान द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्टों के बाद आया है। रिपोर्ट में बताया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कुछ फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की थी। मामला विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया से जुड़ा है।
CJP की क्या मांगें हैं?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों की स्वतंत्र जांच की मांग रखी। संगठन ने आगामी चुनावों पर रोक लगाने और चुनाव आयोग की संरचना व नियुक्ति से जुड़े मौजूदा कानून में बदलाव की मांग भी उठाई।
CJP ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर ‘जंतर-मंतर 2.0’ के नाम से आंदोलन किया जाएगा और इसे देशव्यापी स्तर तक ले जाने की बात कही गई है।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से इन विवादों पर कहा गया है कि आयोग के भीतर अलग-अलग विचार सामने आना संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा है और उसके फैसले कानून के दायरे में लिए गए हैं।
