अरुणाचल मॉडल पर बस्तर में सड़क निर्माण की मांग, मुख्यमंत्री साय ने केंद्र से किया आग्रह

PMGSY-IV में 10 किमी क्लस्टर व्यवस्था का प्रस्ताव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया सकारात्मक आश्वासन

नई दिल्ली, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर संभाग के दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) में विशेष प्रावधान की मांग की। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर बस्तर में भी 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने का प्रस्ताव रखा, ताकि अधिक से अधिक गांव सड़क सुविधा से जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वर्तमान 500 मीटर क्लस्टर व्यवस्था में कई छोटे और दूरस्थ गांव सड़क संपर्क से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं तक पहुंच का सबसे प्रभावी माध्यम हैं तथा बस्तर के विकास और सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक हैं।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण विकास, जीरामजी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।