रायपुर, 28 जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेशवासियों से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक मुनगा (सहजन) के पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि मुनगा कुपोषण के खिलाफ प्रभावी हथियार है और यह सुपोषित व स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा. विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों और घरों में “सुपोषण वृक्ष-मुनगा” अभियान चलाया जा रहा है.
मंत्री ने बताया कि मुनगा, जिसे “मदर्स ट्री” भी कहा जाता है, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और विटामिन जैसे आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसका नियमित उपयोग बच्चों के शारीरिक विकास, मातृ स्वास्थ्य और एनीमिया की रोकथाम में बेहद लाभकारी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पोषण सुधार को जनभागीदारी का अभियान बना रही है. आंगनबाड़ी केंद्रों और घरों में मुनगा पौधरोपण से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को लंबे समय तक पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सकेगा.
श्रीमती राजवाड़े ने सांसदों, विधायकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक पौधरोपण कर “सुपोषण वाटिका” विकसित करने पर जोर दिया.
मंत्री ने कहा कि खेतों, घरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए मुनगा के पौधे पोषण, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देंगे. उन्होंने आह्वान किया कि “घर-घर मुनगा, हर आंगन मुनगा” को जन-आंदोलन बनाकर सुपोषित बचपन और स्वस्थ परिवारों की मजबूत नींव रखी जाए.
